देश में रोजगार की बहार, बेरोजगारी दर में ऐतिहासिक गिरावट
व्यापार : श्रमबल भागीदारी बढ़ने से देश में बेरोजगारी दर जुलाई, 2025 में घटकर 34 महीने के निचले स्तर 6.8 फीसदी पर आ गई। 34 महीने में यह दूसरा अवसर है, जब यह दर सात फीसदी के नीचे रही। इससे पहले मई, 2025 में बेरोजगारी दर पहली बार सात फीसदी के स्तर से नीचे 6.9 फीसदी रही थी।
सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने कुल 43.3 करोड़ लोगों के पास रोजगार था। यह संख्या जनवरी, 2016 के बाद 9 साल में सबसे ज्यादा है। इससे पहले अप्रैल, 2025 में सर्वाधिक 43.2 करोड़ लोगों के पास रोजगार था। हालांकि, जून में यह संख्या घटकर 42.6 करोड़ रह गई। लेकिन, जुलाई के आंकड़े बताते हैं कि रोजगार में तेज सुधार दर्ज किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, बेरोजगारी दर घटाने में अहम योगदान देने वाली श्रम भागीदारी दर (एलपीआर) जुलाई में बढ़कर 41.5 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई। जून में यह 41.3 फीसदी रही थी। इस दौरान सक्रिय रूप से रोजगार ढूंढ रहे 30 लाख अतिरिक्त लोग श्रम बाजार में शामिल हुए।
रोजगार 64 लाख बढ़ा, 33 लाख घटे बेरोजगार
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि श्रम बाजार से जुलाई में भले ही 30 लाख अतिरिक्त लोग जुड़े, लेकिन रोजगार की संख्या में 64 लाख की वृद्धि दर्ज की गई। इसका मतलब है कि श्रम बाजार में शामिल होने वाले नए लोगों को तो रोजगार मिल गया, लेकिन जो बेरोजगारों की सूची में थे, उनमें से भी कई को काम मिला। इससे बेरोजगारों की संख्या में 33 लाख की गिरावट आई। श्रम बाजार के हाल के आंकड़े बताते हैं कि रोजगार मिलने की दर कार्यशील आयु वर्ग की संख्या बढ़ने की रफ्तार से कहीं अधिक तेजी से बढ़ रही है।
औसत मासिक बेरोजगारी में भी गिरावट
चालू वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत से देश में औसत मासिक बेरोजगारी दर 7.2 फीसदी रही है। यह पिछले दो वित्त वर्षों 2023-24 और 2024-25 में दर्ज की गई 8.1 फीसदी की औसत दर से काफी कम है। यह 2024-25 की अंतिम तिमाही में अनुमानित 7.8 फीसदी बेरोजगारी दर से भी कम है। यानी बेरोज़गारी दर में गिरावट आ रही है।
दो साल बाद श्रम बाजारों में तेज सुधार
कोरोना काल में लॉकडाउन से ठीक पहले रोजगार मिलने की दर 40 फीसदी से अधिक थी। 2022-23 में सुधार शुरू होने से पहले यह 36.4 फीसदी के निचले स्तर पर आ गई। 2023-24 में यह बढ़कर 37.1 फीसदी और 2024-25 में 37.8 फीसदी पहुंच गई। 2025-26 में अब तक रोजगार मिलने की दर 38 फीसदी से अधिक रही है। सीएमआईई के उपभोक्ता पिरामिड घरेलू सर्वे से उपलब्ध श्रम आंकड़े बताते हैं कि दो वर्षों के निरंतर सुधार के बाद 2025-26 में श्रम बाजारों में अच्छी तेजी देखी जा रही है।

इंदौर और विकास हैं एक दूसरे के पर्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
कृषि में छत्तीसगढ़ का नया अध्याय बनाया धमतरी जिले ने
इरादों की स्याही से किशन जंगम ने लिखी सफलता की नई इबारत
स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियां प्रारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पन्ना में 204 करोड़ रूपए से अधिक राशि के 22 विकास कार्यों की देंगे सौगात
संसद में NEET विवाद पर बढ़ा सियासी टकराव, राहुल गांधी की बैठक से क्या निकलेगा हल?
CJP प्रोटेस्ट विवाद: सरकार ने कहा- संवाद के रास्ते खुले, 4 बार भेजा बातचीत का न्योता
हापुड़ में 6 साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म प्रयास, पुलिस ने दर्ज किया केस
शिक्षा पर कितना निवेश, कितना बदलाव? मोदी सरकार के 12 साल का डेटा आया सामने